हरियाणा में लॉकडाउन का 11वां दिन है। यहां कुल मरीजों की संख्या 57 पहुंच गई है। राज्य में तीन दिनों में संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से उछाल आया है। 28 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें से 22 का निजामुद्दीन मरकज से कनेक्शन है और एक भी हरियाणा का रहने वाला नहीं है। इन 22 में से चार विदेशी नागरिक हैं जिनमें तीन बांग्लादेश के और एक नेपाल का जमाती है। बाकी महाराष्ट्, कर्नाटक, उत्तरप्रदेश समेत अन्य राज्यों के रहने वाले हैं। इन सभी को आइसोलेट किया गया है। अचानक संक्रमितों की संख्या बढ़ने से प्रदेश भर में डर का माहौल है। लोग अब बाहर नहीं निकल रहे हैं। पढ़िए लॉकडाउन में पूरे हरियाणा का हाल....

पलवल: राज्य में सबसे ज्यादा ज्यादा संक्रमित यहां के हैं
पलवल जिला तीन दिन के अंदर सबसे ज्यादा मरीजों की संख्या के साथ संक्रमण का एपिसेंटर बन गया है। यहां के हथीन क्षेत्र से बड़ी संख्या में मरकज से लौटे लोगों को आइसोलेट किया गया था। इन्हीं में से अब 16 लोग संक्रमित मिले हैं। यहां कुल मरीजों की संख्या 17 है, इसमें महज एक पलवल का रहने वाला है जो इलाज के बाद ठीक होकर घर जा चुका है। उसका मरकज से कोई कनेक्शन नहीं था। वहीं, गुरुवार को यहां तीन मरीज मिले थे, जो मरकज से लौटे थे। तीनों बांग्लादेशी हैं। इसके बाद शनिवार को 13 मरीज एक साथ पॉजिटिव मिले हैं। ये सभी दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। पलवल में धर्म के प्रचार के लिए आए थे। इतना आंकड़ा बढ़ जाने के बाद पलवल में लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। सड़कें सुनसान हैं। डर का माहौल है। यहां पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विदेशी जमातियों के पासपोर्ट जब्त कर लिए गए हैं।।

फरीदाबाद: आइसोलेशन में रखे 99 लोगों की आ सकती है आज रिपोर्ट, सभी का मरकज से कनेक्शन
फरीदाबाद में शनिवार को 99 लोगों की रिपोर्ट आ सकती है। इन सभी का मरकज से कनेक्शन है। इन्हें अलग-अलग जगह आइसोलेट किया गया है। इसके साथ-साथ लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाया जा रहा है। शुक्रवार को भी यहां पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में 20 एफआईआर दर्ज की और 42 को गिरफ्तार किया। इसके साथ-साथ विदेश से मरकज पर आए 18 विदेशियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। ये सभी इंडोनेशिया और फिलीपींस के नागरिक हैं।।

करनाल: पहला संक्रमित मिलने के बाद गांव सील, पुलिस चौकन्नी
करनाल में पहला मरीज मिलते ही शहर पर इसका असर देखने को मिल रहा है। शनिवार को पूरे शहर में पुलिस आम दिनों की अपेक्षा लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाती नजर आई। शहर में सड़कों पर आवाजाही भी कम हो रही है। वहीं रसीन गांव, जहां सक्रमित मिला है उसे पूरी तरह से सील कर दिया गया है। मीडियाकर्मियों को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है। गांव को कैंटोनमेंट जोन घोषित कर दिया है। उसके साथ लगते गांवों को बफर जोन में रखा गया है। हर आने-जाने वाले की स्क्रीनिंग हो रही है। पूरे गांव में डर का माहौल है।

नूहं: राज्य में सबसे ज्यादा जमाती यहां से हैं, गुरुग्राम में मुस्लिम बहुल इलाकों पर पुलिस का कड़ा पहरा
नूह में लगातार लोगों को आइसोलेट किया जा रहा है। मरकज से लौटे सबसे ज्यादा जमाती नूहं में हैं। इसके चलते यहां 150 से ज्यादा लोगों को आइसोलेट किया गया है। पुलिस लगातार सख्ती से जांच कर रही है। वहीं गुरुग्राम में मुस्लिम बहुल इलाकों पर पुलिस की गस्त और पहरा दोनों बढ़ गए हैं। कोई पानी को दूषित न कर दे इसलिए पानी के जलघरों व पम्पिंग स्टेशन पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। हर जगह पुलिस मुस्तैद है। काफी संख्या में कोरोना पॉजिटिव आने पर गुरुग्राम में लोग लॉकडाउन का पालन भी कर रहे हैं।।

हरियाणा के 22 में से 12 जिलों तक पहुंचा कोरोना
हरियाणा में अभी तक सबसे ज्यादा मामले पलवल में मिले हैं। यहां 17 संक्रमित मिल चुके हैं। इसके बाद गुरुग्राम में 15 केस पॉजिटिव मिले हैं। वहीं फरीदाबाद में 6, पानीपत में 4, अम्बाला में 3, नूहं मे 3, सिरसा में 3, पंचकूला में 2, हिसार, रोहतक, करनाल और सिरसा में एक-एक संक्रमित मिले हैं।
14 मरीज हुए ठीक
राज्य में अब तक 14 मरीज ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा गुरुग्राम में ही हैं। यहां से 9 मरीज, पानीपत में 3, फरीदाबाद में 1 और पलवल में 1 मरीज ठीक हुए हैं।