पलवल जिले में 13 नए मामले आए, सभी जमाती, अब प्रदेश में 57 संक्रमित, इनमें से 22 मरकज से लौटे

 हरियाणा में बीते तीन दिन में तेजी से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। शनिवार को 13 नए मामले सामने आए हैं। ये सभी मरीज पलवल जिले में मिले हैं, जो सभी निजामुद्दीन मरकज से लौटे थे। इसके अब हरियाणा में संक्रमित मरीजों की संख्या 57 हो गई है। इनमें से 22 मरीजों का मरकज से कनेक्शन है। पलवल के सभी मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। उनके संपर्क में आने वाले लोगों को भी आइसोलेट कर दिया गया है। 


पलवल जिले में डर का माहौल
पलवल जिला अब हरियाणा में सबसे ज्यादा संक्रमित मरीजों के आंकड़े में पहले नंबर पर आ गया है। आम लोगों के मन में डर का माहौल है। सिविल सर्जन डॉक्टर ब्रह्मदीप सिंह का कहना कि पलवल में अब कुल 17 केस हो गए हैं। इनमें से एक ठीक हो चुका है। गुरुवार को 44 लोगों के सैंपल भेजे गए थे, इनमें से 31 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है जबकि 13 संक्रमित मिले हैं। ये सभी निजामुद्दीन मरकज से लौटे लोग हैं। सबसे खास बात ये है कि इनमें से कोई भी पलवल का स्थाई निवासी नहीं है, सभी दूसरे राज्यों से आए हुए हैं। 



पलवल में पकड़े गए जमातियों को आइसोलेशन वार्ड में लेकर जाते हुए। 


निजामुद्दीन होते हुए पलवल पहुंचे थे सभी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ये सभी निजामुद्दीन होते हुए पलवल पहुंचे थे। लॉकडाउन होने के बाद ये तीन दलों में बंट गया था। कोरोना वायरस को लेकर पलवल के एक निजी कॉलेज में करीब 200 अन्य लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है, जो निजामुद्दीन के मरकज से धर्म प्रचार के लिए पलवल में आए लोगों के निकट संपर्क में आए थे।


हरियाणा में मरकज से आए 22 संक्रमित
हरियाणा में अब निजामुद्दीन मरकज से लौटे 22 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या पलवल जिले की है। यहां कुल 16 संक्रमित हैं। इसके अलावा गुरुग्राम में 1, नूहं में 3 और अम्बाला में 2 लोग संक्रमित हैं, जो मरकज से आए हुए थे। सभी धर्म प्रचार का काम कर रहे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों व गांवों से पकड़ा गया है। 


रोहतक की रहने वाली महिला की दिल्ली में मौत, करनाल में शुक्रवार को आया नया मरीज
शुक्रवार को रोहतक की एक महिला की दिल्ली में कोरोना की वजह से मौत हो गई। उसकी किडनी खराब थी, इस वजह से उसे दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इसके साथ-साथ शुक्रवार को करनाल के रसीन गांव का रहने वाले 58 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला था। उसे 5 दिन पहले करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। उसे सांस लेने में दिक्कत थी। यहां उसकी हालत बिगड़ी तो उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया। हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसके सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गए थे। 


जांच रिपोर्ट आने से पहले ही 1 अप्रैल को डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफ कर दिया। चंडीगढ़ में अब उसकी रिपोर्ट आई है। जिसमें कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। उसका विदेश से कोई कनेक्शन नहीं मिला है। कोरोना पॉजिटिव होने पर पुलिस ने रसीना गांव को पूरी तरह सील कर दिया है। संक्रमित व्यक्ति के परिवार वालों को करनाल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया है। इसके साथ-साथ संक्रमित व्यक्ति का कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में इलाज करने वाले डॉक्टर और नर्स को भी 14 दिन के लिए घरों में आइसोलेट कर दिया गया है। 


हरियाणा के 22 में से 12 जिलों तक पहुंचा कोरोना
हरियाणा में अभी तक सबसे ज्यादा मामले गुरुग्राम में मिले हैं। यहां 15 केस पॉजिटिव मिले हैं। वहीं फरीदाबाद में 6, पलवल में 17, पानीपत में 4, अम्बाला में 3, नूहं मे 3, सिरसा में 3, पंचकूला में 2, हिसार में 1, रोहतक में 1, करनाल में 1 और सिरसा में 1 केस सामने आए हैं। 


14 मरीज हुए ठीक
अभी तक 14 मरीज ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा गुरुग्राम में ही हैं। यहां से 9 मरीज, पानीपत में 3, फरीदाबाद में 1 और पलवल में 1 मरीज ठीक हुआ है।